मित्रों 'निबंध' आपके संपूर्ण व्यक्तित्व और विचारों का एक आईना होता है और यही कारण है कि संघ लोक सेवा आयोग और अन्य सभी राज्य लोक सेवा आयोगों की परीक्षाओं में इसकी भूमिका निरंतर बढ़ रही है।
अधिकांश सफल मित्रों के अनुभवों से मुझे यह सीखने को मिला कि निबंध कभी रटना नहीं चाहिये; अपितु निरंतर अभ्यास से अपनी लेखन शैली को विकसित करना चाहिए जिससे किसी भी विषय पर आप अपने विचारों की अभिव्यक्ति सरल और सहज रूप में करने में सक्षम हो सकें।
.
एक और प्रमुख बात जो अत्यंत महत्त्वपूर्ण है कि निबंध और लेख दोनों अलग-अलग विधाएँ हैं। प्रायः निबंध की पुस्तकों में अच्छे लेख लिखे होते हैं और हम उन्हें अक्षरशः याद करके परीक्षा में लिख आते हैं और स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं, परंतु परिणाम आने पर निराशा ही हाथ लगती है,क्योंकि हमने परीक्षक की अपेक्षाओं के विपरीत निबंध के पेपर में एक शानदार लेख लिख रखा है। हमें निबंध और लेख में अंतर समझना होगा तभी हम एक अद्भुत निबंध लिखने में सक्षम हो सकेंगे।
.
निबंध आपके विचारों का व्यवस्थित प्रस्तुतिकरण है जिसमें तथ्य महत्त्वपूर्ण नहीं अपितु सहायक सामग्री के रूप में आवश्यक हैं; जबकि लेख तथ्यपरक और ज्ञानवर्धक होता है जिसमें विचारों की महत्ता अत्यल्प होती है।
.
निबंध क्या है....?✏
हम प्रायः सुनते हैं कि निबंध का अर्थ विचारों की स्वच्छंदता, स्वतंत्रता और मुक्तावस्था है। निबंध जितने ही खुले हों, बंधन-रहित हों उतने ही अच्छे माने जाएंगे ;किंतु यह एक अर्द्ध-सत्य है, क्योंकि निबंध का शाब्दिक अर्थ है - "नि+बंध" अर्थात् "सहित+बंधन" अर्थात् "एक दूसरे विचारों का पारस्परिक गुथना ही निबंध है।"
निबंध अंग्रेजी के 'Essay' का हिन्दी रूपांतर है, जिसका अर्थ 'To Attempt' अर्थात् 'प्रयास करना' होता है। जब हम प्रयास ही नहीं करेंगे तो अच्छा निबंध कैसे लिख पाऐंगे...? सर्वाधिक महत्वपूर्ण है निबंध लेखन का अभ्यास। हम जितना अधिक अभ्यास करेंगे उतना ही हमारे अंत:स्थल में निबंध स्वतः विकसित होता चला जाएगा।
.
कैसे लिखें एक अच्छा निबंध......✏
यह एक ऐसा विषय है जिस पर अच्छे से अच्छा प्रतियोगी भी चिंतन करने पर विवश हो जाता है, क्योंकि लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश की सभी मुख्य परीक्षाओं में 'हिन्दी निबंध' की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समीक्षा अधिकारी और लोवर परीक्षा में तो अंतिम सफलता बहुत हद तक निबंध के अंकों पर ही आश्रित होती है।
हम सभी प्रायः यही सोंचते हैं कि केवल हिन्दी साहित्य का विशेषज्ञ ही निबंध विधा में पारंगत हो सकता है,लेकिन यह पूर्ण सत्य नहीं है। कुछ मूलभूत बिंदुओं पर ध्यान देते हुए निरंतर अभ्यास किया जाए तो कोई भी सामान्य अभ्यर्थी एक पारंगत निबंध-लेखन शैली का विकास कर सकता है।
.
एक अच्छे निबंध की रूपरेखा:-
------------------------------------
समस्या-मूलक निबंध (जैसे- विमुद्रीकरण का प्रभाव)
१. भूमिका......
२. भूमिका का विस्तार.....
३. मूल प्रसंग......
४. मूल प्रसंग का विस्तार......
(i) कारण
(ii) प्रभाव
(क) सकारात्मक
(ख) नकारात्मक
(iii) निराकरण के उपाय
(क) ग़ैर-सरकारी
(ख) सरकारी
५. पूर्व उपसंहार (आपके मौलिक विचार)
६. उपसंहार (सदैव सकारात्मक)
.
एक अद्भुत और आकर्षक निबंध लिखने के लिए मूलभूत आवश्यकताएँ.....
१. एक अद्भुत और आकर्षक निबंध लिखने के लिए हिन्दी भाषा और शब्द-भंडार पर अच्छी पकड़ होनी आवश्यक है; क्योंकि भाषा हमारे विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम ही नहीं होती, अपितु वह हमारे स्वप्नों, कल्पनाओं और आत्ममंथन का सेतु भी बनती है। भाषा शैली निबंध लेखन का सबसे बड़ा औज़ार है, जिससे हम विषयवस्तु को रचते हैं, गढ़ते हैं, विचारों से लड़ते हैं, तथ्यों को जोड़ते-घटाते हैं और आवश्यक कालबोध को रेखांकित करते हैं।
२. परीक्षा में वही निबंध लिखने का प्रयत्न करना चाहिए जिस पर आपको अपने विचारों की अभिव्यक्ति और प्रस्तुतिकरण में आसानी हो।
३. सबसे अलग हटकर लिखने के प्रयास में हम प्रायः ऐसा विषय चुन लेते हैं जिस पर हमें ना तो तथ्य स्पष्ट होते हैं और ना ही हमने पहले से उस पर कुछ तैयारी की होती है।
४. पहला निबंध यदि साहित्य पर लिखा जाए तो अच्छे अंक प्राप्त करने की संभावनाएँ बढ़ जाती हैं, परंतु यह तभी जब आपने इस पर पहले से विधिवत तैयारी की हो।
५. निबंध में प्रस्तावना और उपसंहार का सर्वाधिक महत्त्व होता है ; क्योंकि आप जानते ही हैं -" First Impression is Last Impression " & "Last Impression Should be Changed First Impression ".
६. प्रस्तावना में सीधे विषय पर नहीं आना चाहिए, अपितु इसे भूतकाल से वर्तमानकाल में जोड़ते हुए मुख्य विषय की भूमिका बना देनी चाहिए और नए पैराग्राफ़ में मुख्य विषय की परिभाषा देते हुए उसे स्पष्ट करना चाहिए।
७. उपसंहार में सदैव सकारात्मक सोंच दृष्टिगत होनी चाहिये और उपसंहार के पहले वाले पैराग्राफ़ में पूर्व उपसंहार के अंतर्गत समस्या से निपटने के लिए अपने मौलिक विचार अवश्य दें।
८. पूरे निबंध में कहीं भी हेडिंग या प्वाइंट नहीं डालना चाहिए।
९. निबंध में आवश्यकतानुसार यथास्थान सूक्तियों और कथनों का प्रयोग निबंध को आकर्षक और प्रभावी बनाता है।
.
कोई असहमति या सुझाव हो तो अवश्य परामर्श दें क्योंकि 'साझा प्रयास सबका विकास' यही मूलमंत्र है सफलता का।
यह मेरे व्यक्तिगत विचार हैं और आवश्यक नहीं है कि सभी मित्र इससे सहमत हों। यदि आप कुछ सुझाव या सलाह देना चाहते हैं तो आप सभी के सुझावों का स्वागत है, क्योंकि सीखना एक सतत् प्रक्रिया है और में भी आप की ही तरह एक मुसाफिर हूँ अपनी मंज़िल का......
No comments:
Post a Comment