Friday, 13 January 2017

राष्ट्रीय युवा दिवस : युवाओं को प्रेरणा की जरूरत



शशांक द्विवेदी)
संयुक्त राष्ट्र संघ की एक रिपोर्ट बताती है कि भारत दुनिया में सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है। यहां लगभग 60 करोड़ लोग 25 से 30 वर्ष के हैं जबकि देश की लगभग 65 प्रतिशत जनसंख्या की आयु 35 वर्ष से कम है। यह स्थिति वर्ष 2045 तक बनी रहेगी। विश्व की लगभग आधी जनसंख्या 25 वर्ष से कम आयु की है। अपनी बड़ी युवा जनसंख्या के साथ भारत अर्थव्यवस्था नई ऊंचाई पर जा सकता है। लेकिन इस ओर भी ध्यान देना होगा कि आज देश की बड़ी जनसंख्या बेरोजगारी से जूझ रही है। केंद्र सरकार के रोजगार सृजन पर जोर के बावजूद देश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही है। श्रम ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार, देश की बेरोजगारी दर 2015-16 में पांच प्रतिशत पर पहुंच गई़, जो पांच साल का उच्च स्तर है। महिलाओं के मामले में बेरोजगारी दर उल्लेखनीय रूप से 8.7 प्रतिशत के उच्च स्तर पर जबकि पुरूषों के संदर्भ में यह 4.3 प्रतिशत है। पढ़े-लिखे युवा भी बेरोजगारी से अछूते नहीं रहे हैं। इनमें 25 फीसदी 20 से 24 वर्ष के हैं, तो 17 फीसदी 25 से 29 वर्ष के युवा हैं।
बेरोजगार युवा हताश हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में उनकी ऊर्जा का अनुचित उपयोग किया जा सकता है। हताश युवा अपराध के मार्ग पर चल पड़ते हैं। वे नशाखोरी के शिकार हो जाते हैं। फिर अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए अपराध भी कर बैठते हैं और अपना जीवन नष्ट कर लेते हैं। देश में हो रही 70 प्रतिशत आपराधिक गतिविधियों में युवाओं की संलिप्तता रहती है। इस युवा शक्ति में शिक्षा, स्वास्थ्य का निवेश करके अर्थव्यवस्थाओं को विस्तार दिया जा सकता है। युवाओं को उनके अधिकार दिए जाने भी जरूरी हैं क्योकि ये अपना भविष्य पाने में तभी सक्षम होंगे जब उनके पास कौशल, निर्णय लेने की क्षमता और जीवन में बेहतर विकल्प मौजूद होंगे। आज के समय में भारत के पास सबसे ज्यादा युवा हैं जिनके पास देश को नई ऊचाइयों पर ले जाने का बढ़िया मौका है। बस जरूरत है, उन्हें सही दिशा और उनके कौशल के मुताबिक रोजगार देने की है। तभी यह युवा शक्ति देश के सर्वागीण विकास में सहायक होगी। भारत के युग द्रष्टा स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन पर ही देश में युवा दिवस मनाया जाता है। आज युवा दिवस पर युवाओं की क्षमताओं और चुनौतियों पर विचार करना बहुत जरूरी है, क्योंकि युवा शक्ति के दम पर ही यह देश तरक्की कर सकता है। यह ओजस्वी विचारों से ओतप्रोत स्वामी विवेकानंद का देश है, जिन्होंने युवाओं को हमेशा आत्मविश्वास से लबरेज रहकर आगे बढ़ने की। इसलिए आज उनके विचार बहुत प्रासंगिक है। युवा पीढ़ी एक राष्ट्र की रीढ़ होती है। उनका मनोबल, उनकी क्षमताएं, उनका साहस असीम है। युवाओं के इस जोशीले अंदाज का फायदा समाज को हमेशा ही आंदोलन, युद्धभूमि, देश को विकसित करने की राह पर मिला। विश्व में किसी भी युद्ध का इतिहास उठाकर देखें तो उसमें युवाओं के कारण ही जीत का परचम लहरा पाया है। भारत में आजादी के वक्त युवाओं ने अहम भूमिका निभाई थी। भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू जैसे अनेक युवाओं के कारण ही भारत को आजादी मिल पाई। विश्व में कई ऐसे युवा संगठन रहे हैं जिन्होंने अपने देशों में बदलाव लाने में बड़ी भूमिका अदा की। भारत में युवाओं की स्थिति थोड़ी अजीब है। उन्हें जो स्थान राजनीतिक, शैक्षणिक, सामाजिक तौर पर मिलना चाहिए था, उससे वह अछूते हैं। आज देश, दुनियां का युवा दिग्भ्रमित होकर अपनी ऊर्जा बर्बाद कर रहा है। सोशल मीडिया के इस दौर में युवा अपने वास्तविक समाज और परिवार से कटते जा रहें है। आभासी दुनिया, वास्तविक जीवन पर हावी होती जा रही है। कुलमिलाकर आज युवाओं को विचारवान होकर वास्तविकता के धरातल पर काम करने की जरूरत है।
‘उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो’ का संदेश देने वाले युवाओं के प्रेरणा स्रोत विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। इनके जन्मदिन को ही राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानन्द ने देश के युवाओं को समग्र आध्यात्मिक सोच और दिशा दी थी। वह देश के पहले ऐसे आदमी थे जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत के वैदिक ज्ञान का प्रचार प्रसार किया। उन्होंने अमेरिका स्थित शिकागो में 1893 में आयोजित विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था। इस धर्म सभा में उनके ओजस्वी भाषण के बाद पूरी दुनिया ने उनकी प्रतिभा को पहचाना था। वह हिंसा, सांप्रदायिकता, हठधर्मिता और उनकी वीभत्स वंशधर धर्माधता के कट्टर विरोधी थे। वह इससे जीवन भर लड़ते और जूझत रहे। अपने समय से बहुत आगे की सोचने वाले महान चिंतक और दार्शनिक विवेकानंद वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बहुत महत्व देते थे। वह शिक्षा और ज्ञान को आस्था की कुंजी मानते हैं। स्त्री शिक्षा के वह विशेष हिमायती थे। एक विदेशी महिला मार्ग्रेट नोबल यानी भगिनी निवेदिता उनकी शिष्या थीं। स्वामी विवेकानंद भारतीय समाज को छुआछूत और सामाजिक बुराइयों से दूर करने की बात करते थे। उन्होंने अपने गुरु महान अध्यात्मिक संत स्वामी रामकृष्ण के नाम पर ही रामकृष्ण मिशन और मठ की स्थापना की। उन्तालीस वर्ष के संक्षिप्त जीवनकाल में स्वामी विवेकानन्द जो काम कर गए वह आने वाली अनेक शताब्दियों तक पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके विचार और आदर्श युवाओं में नई शक्ति और ऊर्जा का संचार कर सकते हैं। किसी भी देश के युवा उसका भविष्य होते हैं। उन्हीं के हाथों में देश की उन्नति की बागडोर होती है। आज के परिवेश में देश में जहां चारों तरफ भ्रष्टाचार, बुराई, अपराध का बोलबाला है जो घुन बनकर देश को अंदर ही अंदर खाए जा रहे हैं। ऐसे में देश के युवा को जागृत करना और उन्हें देश के प्रति कर्तव्यों का बोध कराना अत्यंत आवश्यक है। विवेकानंद जी के विचारों में वह क्रांति और तेज है, जो सारे युवाओं को नई चेतना से भर दे। युवाओं को यह संकल्प लेना होगा कि देश के सामने आज जितनी भी चुनौतियां हैं, हम उनका डटकर सामना करेंगे। युवाओं को अपनी भारतीय संस्कृति का ध्यान रखते हुए, समाज के ज्वलंत मुद्दों पर गहन चिंतन के साथ प्रतिक्रिया करने की जरूरत है ताकि हम अपने देश, समाज एवं राष्ट्र को नए रूप में देख सकें। आज भी स्वामी विवेकानंद को उनके विचारों और आदर्शो के कारण जाना जाता है। देश की वर्तमान परिस्थितियों आज उनके विचार बहुत ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं।(DJ)
(लेखक मेवाड़ विश्वविद्यालय, चितौड़गढ़, राजस्थान में डिप्टी डायरेक्टर हैं)

No comments:

Post a Comment